https://images1.livehindustan.com/uploadimage/library/2020/05/25/16_9/16_9_1/corona_patient_in_bihar_and_jharkhand_1590345551.jpg

भागलपुर में कोरोना ब्लास्ट: एक ही दिन मिले 25 पेशेंट, जिले में कोरोना संक्रमण से पहली मौत

by

भागलपुर में कोरोना का विस्फोट हो गया है। जिले में एक ही दिन 25 कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसके साथ ही जिले में कुल कोरोना मरीजो की संख्या 144 हो गई है। वहीं जिले में कोरोना संक्रमित पेशेंट की पहली मौत की शुक्रवार को पुष्टि हो गई। ईद मनाने के लिए मुंबई से घर आये जगदीशपुर प्रखंड की सैनो पंचायत निवासी 41 वर्षीय जिस शख्स की मौत गुरुवार को हुई थी, शुक्रवार को आई उसकी जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव पाई गई है।

इसके अलावा जिले में कोरोना के शिकार हुए लोगों में सबौर प्रखंड से सात, गोराडीह प्रखंड से पांच व जगदीशपुर प्रखंड के छह लोग शामिल हैं। पीरपैंती में 24 वर्षीय युवक, कहलगांव में 55 वर्षीय अधेड़, 24 वर्षीय महिला, रंगरा चौक में आठ साल की बच्ची और 28 वर्षीय महिला, जगदीशपुर में दो साल का बच्चा, 30 वर्षीय पुरुष भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। सिविल सर्जन डॉ. विजय कुमार सिंह ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव पाये गये मृतक के परिजनों व संपर्कियों को ट्रेस कर उनकी जांच कराने की तैयारी शुरू कर दी गयी है। जबकि कोरोना पॉजीटिव मरीजों को मायागंज अस्पताल के एमसीएच कोरोना आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। 

क्वारेंटाइन किया गया तो ट्रक से उतरकर भागे पांचो पॉजिटिव
गोराडीह प्रखंड के गनौरा मोहनपुर के चार युवक और इसी प्रखंड के मानपुर गांव निवासी 45 वर्षीय शख्स मुंबई से भागलपुर तक की यात्रा ट्रक से तय की थी। गनौरा मोहनपुर के चारों युवकों को उत्क्रमित उच्च विद्यालय मानपुर में बनाये गये क्वारंटाइन सेंटर व मानपुर गांव के युवक को मध्य विद्यालय रामचंद्रपुर में क्वारंटाइन किया गया था। सभी ट्रक से उतरकर सीधे गंगा नहाने गये थे।  इसके बाद सीधे अपने गांव चले गये, लेकिन ये लोग एक दिन तक गांव के बहियार में रहे थे। शुक्रवार को आई जांच रिपोर्ट में पांचों कोरोना पॉजिटिव पाये गये।

मुंबई से भागलपुर तक एक साथ सफर करने वाले सभी कोरोना पॉजिटिव
सबौर प्रखंड के बैजलपुर गांव निवासी 19, 20, 30, 31, 32, 37 व 42 वर्षीय युवक मुंबई से कोरोना लेकर आये थे। इन्हें सबौर प्रखंड में ही क्वारंटाइन किया गया था, जहां शुक्रवार को आई जांच रिपोर्ट में सभी कोरोना पॉजिटिव पाये गये। वहीं जगदीशपुर प्रखंड के पुरैनी निवासी 24, 30, 31, 32, 35 वर्षीय व 22-22 वर्षीय युवक एक साथ मुंबई से भागलपुर तक का सफर साथ-साथ किए थे। सभी का सैंपल लेकर जांच के लिए कोरोना लैब मायागंज अस्पताल भेजा गया था। जहां शुक्रवार को आई रिपोर्ट में सभी कोरोना पॉजिटिव पाये गये।