https://images1.livehindustan.com/uploadimage/library/2020/05/29/16_9/16_9_1/_1590730943.jpg

'बॉर्डर पर शांति बनाए रखने को प्रतिबद्ध': पूर्वी लद्दाख में सीमा विवाद पर बोला चीन

by

कोरोना वायरस की मौजूदा स्थिति के बीच पूर्वी लद्दाख सीमा पर जारी सीमा विवाद को लेकर चीन का बयान आया है। चीन के रक्षा मंत्रालय ने इस मुद्दे पर कहा है कि भारत-चीन सीमा पर स्थिति 'स्थिर और नियंत्रण' में है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत और चीन के बीच मध्यस्थता के ऑफर पर सीधे जवाब न देते हुए चीन के मंत्रालय ने कहा कि दोनों देश (भारत-चीन) बातचीत के जरिए स्थिति को हल करने में सक्षम हैं। इस महीने की शुरुआत से पूर्वी लद्दाख की भारत-चीन सीमा पर जारी सैनिकों के बीच गतिरोध पर चीन का यह आधिकारिक बयान है।

चीन के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता, कर्नल रेन गुओकियांग ने गुरुवार को कहा कि चीन-भारत सीमा पर चीन की स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट है। चीनी सैनिक सीमा क्षेत्रों में शांति बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

यह भी पढ़ें: भारत-चीन सीमा पर और बढ़ा तनाव, चीन लगातार बढ़ा रहा सैनिक, गाड़े 100 टेंट, भारत भी सीना ताने डटा

एक ऑनलाइन ब्रीफिंग के दौरान रेन ने कहा, 'वर्तमान समय में, भारत और चीन सीमा पर स्थिति नियंत्रण में है और पूरी तरह से स्थिर है।' उन्होंने आगे कहा कि दोनों देश बातचीत के जरिए सीमा विवाद को सुलझा लेने में सक्षम हैं। दोनों देशों के सीमा विवाद से जुड़े एक सवाल का मंत्रालय ने यह जवाब दिया।

इससे पहले भारत ने गुरुवार को कहा था कि पूर्वी लद्दाख में सीमा गतिरोध को सुलझाने के लिए वह चीन के साथ सैन्य और राजनयिक स्तर पर बात कर रहा है। साथ ही यह भी कहा कि देश अपनी संप्रभुता और राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा करने के अपने सकंल्प पर 'अटल' है। 

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने कहा था कि भारत वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है और भारतीय सैनिक सीमा प्रबंधन को लेकर बहुत जिम्मेदार रुख अपनाते हैं। उन्होंने ऑनलाइन मीडिया ब्रीफिंग में कहा, 'दोनों पक्षों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में उत्पन्न हो सकने वाली स्थितियों का वार्ता के जरिए शांतिपूर्ण समाधान करने के लिए सैन्य और राजनयिक स्तरों पर तंत्र स्थापित किए हैं और इन माध्यमों से चर्चा जारी रहती है।'