https://images1.livehindustan.com/uploadimage/library/2020/05/29/16_9/16_9_1/_1590719511.jpg

लॉकडाउन में देर रात घूम रहे युवकों को टोकना पड़ा भारी, ईंट से कूच कर की हत्या

by

दिल्ली के सागरपुर में लॉकडाउन के दौरान देर रात गली में घूम रहे दो दोस्तों को टोकना एक युवक को भारी पड़ गया। दोनों दोस्तों ने बुधवार रात 24 वर्षीय कृष्णा यादव की ईंट से कूचकर हत्या कर दी। सागरपुर थाना पुलिस ने हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी करण और उसके नाबालिग दोस्त को उनके घर के पास से दबोच लिया।

पुलिस ने बताया कि कृष्णा यादव परिवार के साथ सागरपुर इलाके में रहता था। वह करोल बाग में एक कपड़े के शोरूम पर काम करता था। उसके परिवार में तीन बहन और मां शामिल हैं। पिता की मौत हो चुकी है और वह अपने घर में कमाने वाला अकेला था। आरोपी करण और उसका नाबालिग दोस्त भी इसी इलाके में रहते हैं।

गत सप्ताह वे देर रात गली में घूम रहे थे। इसी दौरान कृष्णा यादव घर लौट रहा था। उसने दोनों को देर रात घूमने पर टोका और कहा कि लॉकडाउन चल रहा है, अपने घर चले जाओ। इस पर करण और उसके दोस्त ने झगड़ा शुरू कर दिया। हालांकि उस दिन झगड़ा खत्म हो गया।

घर पर पत्थर फेंके: बुधवार रात करण अपने दोस्त के साथ कृष्णा के घर के बाहर पहुंचा और घर पर पत्थर मारने शुरू कर दिए। उन्हें देखकर कृष्णा यादव ने पीछा किया। गली से बाहर आते ही आरोपियों ने कृष्णा यादव को पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी।

ईंट से वार किए: करण ने कृष्णा को पीछे से पकड़ लिया और नाबालिग ने ईंट से उसके सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन घायल को लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, सूचना के बाद पहुंचे इंस्पेक्टर जोगिंदर सिंह, एसआई अशोक और एसआई सुरेंद्र की टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की।

दोस्त के घर छिपे थे आरोपी : दोनों आरोपी हत्या के बाद अपने घर के नजदीक ही एक अन्य दोस्त के घर छिपे थे। पुलिस ने वहां छापा मारकर दोनों को दबोच लिया। दोनों आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। नाबालिग पर पहले भी केस दर्ज हैं।