https://images1.livehindustan.com/uploadimage/library/2020/05/27/16_9/16_9_1/maharashtra_government_said_news_of_army_deployment_in_mumbai_and_relaxation_of_lockdown_is_rumour__1590601222.jpg

मुंबई में सेना की तैनाती और लॉकडाउन में ढील देने की बात अफवाह, महाराष्ट्र सरकार ने किया खंडन

by

कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच सोशल मीडिया में फेक खबर भी बहुत तेजी से फैल रही है। सरकार के लिए ऐसी खबरें सिरदर्द बनती जा रही है। महाराष्ट्र की बात करें तो यहां बीते दिनों से सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप में एक लॉकडाउन में ढील देने की बात बहुत तेजी से फैल रही थी। सरकारी आदेश से मिलती-जुलती एक कॉपी वायरल हो रही थी। इतना ही नहीं कुछ ग्रुप में मुंबई में सेना की तैनाती की खबर भी फैलाई जा रही थी।

महाराष्ट्र सरकार ने दोनों ही खबरों को मनगढंत और फेक बताया है। सूचना और जनसंपर्क विभाग के डीजी के ऑफिसियल ट्विटर हैंडल से इसका खंडन जारी किया गया, जिसमें कहा गया है कि सरकार ने ऐसी कोई भी सूचना जारी नहीं की है। आपको बता दें कि इस फेक नोटिफिकेशन में रेड, ग्रीन और ऑरेंज जोन के हिसाब से लॉकडाउन की गाइडलाइंस की बात कही गई है। मॉल और सिनेमा हॉल छोड़ सभी प्रतिष्ठानों के 33 प्रतिशत वर्क फोर्स के साथ काम की इजाजत की बात कही गई है। इसेक अलावा और भी कई छूट का जिक्र है।

महाराष्ट्र के गृहमंत्री ने मुंबई में सेना की तैनाती की खबर को अफवाह बताया
महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने बुधवार को कहा कि मुंबई और पुणे के कोरोना वायरस हॉटस्पॉट में सेना की तैनाती के बारे में एक अफवाह सोशल मीडिया पर ''जानबूझकर फैलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

महाराष्ट्र में कोविड-19 के कुल 54,758 मामलों में से 39,000 से अधिक मामले मुंबई और पुणे में पाए गए हैं।

देशमुख ने ट्वीट किया, 'व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया के माध्यम से यह अफवाह जानबूझकर फैलाई जा रही है कि सेना को मुंबई और पुणे में तैनात किया जाएगा जिससे सेना वहां लोगों की आवाजाही पर रोक लगाएगी। यह पूरी तरह से गलत है। महाराष्ट्र साइबर प्रकोष्ठ ने इस तरह की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।' उन्होंने यह भी जोर देकर कहा कि राज्य सरकार अफवाहों को बर्दाश्त नहीं करेगी।

इस महीने की शुरुआत में, मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने भी कोविड-19 के कारण खराब हालत में सेना को मुंबई बुलाए जाने की इन अटकलों को खारिज कर दिया था