https://images.jansatta.com/2020/05/summer-1-620x400.jpg?w=680
देश में गर्मी हर दिन नया रिकॉर्ड बना रही है। (फोटो- एक्सप्रेस)

दिल्ली, राजस्थान में पारा 50 डिग्री के करीब; मौसम विभाग ने कहा- प्रचंड गर्मी से तत्काल राहत नहीं

देश में कई इलाकों में गर्मी का कहर जारी है, राजस्थान के चुरू में 50 डिग्री तक तापमान दर्ज हो चुका है, जो कि 10 सालों में दूसरा सबसे ज्यादा है।

by

उत्तर और पश्चिम भारत के कई हिस्सों में बुधवार को भी झुलसा देने वाली गर्मी जारी रही। दिल्ली और राजस्थान में तापमान 50 डिग्री के करीब पहुंच गया। इस बीच, मौसम विभाग का कहना है कि मौजूदा भीषण गर्मी से तत्काल राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। राष्ट्रीय राजधानी के अधिकांश क्षेत्रों में पारा सामान्य से छह डिग्री अधिक रहा। 47.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ पालम सबसे गर्म रहा।

भारत मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, बड़े क्षेत्रों में, जब लगातार दो दिनों तक अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रहता है, तो चलने वाली गर्म हवाओं को लू घोषित कर दिया जाता है और राष्ट्रीय राजधानी की तरह छोटे क्षेत्रों में, एक दिन तक भी तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुच जाता है, तो लू की घोषणा कर दी जाती है। दिल्ली में सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी ने कहा कि लोधी रोड और आयानगर के मौसम केंद्रों में अधिकतम तापमान क्रमशः 45.1 डिग्री सेल्सियस और 46.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजस्थान के ज्यादातर इलाके लू यानी गर्म हवाओं की चपेट में हैं जहां बुधवार को चुरू में अधिकतम तापमान 49.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में गर्मी का यह दौर अगले 24 घंटे जारी रहेगा हालांकि शुक्रवार को इसमें कुछ राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने भी कहा है कि पूर्वी और मध्य भारत में हीटवेव अगले 24 घंटे तक कहर बरपाती रहेगी।

आईएमडी ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में मानसून आगे बढ़ा है। लेकिन उत्तर-पश्चिम में सूखी हवाओं के कारण उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में तापमान कई जगह बढ़ सकता है। खासकर पश्चिमी राजस्थान और विदर्भ में हालात काफी खराब हो सकते हैं। इसके अलावा हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और बिहार, पंजाब, झारखंड, ओडिशा के कुछ इलाकों में भारी गर्मी के आसार हैं।