https://www.livehindustan.com/static/images/default-images/default-image640x360.jpg

कोरोना संकट: वंदे भारत मिशन का तीसरा फेज भी होगा शुरू, दूसरे चरण में 1 लाख भारतीयों की होगी वतन वापसी

by

कोरोना संकट की वजह से विदेशों में फंसे भारतीयों की वतन वापसी का अभियान वंदे भारत जारी रहेगा। वंदे भारत मिशन के तीसरे चरण की भी तैयारी शुरू हो गई है। फिलहाल वंदे भारत मिशन का दूसरा चरण जारी है। वंदे भारत मिशन के दूसरे चरण के तहत सरकार 60 देशों में फंसे अपने एक लाख नागरिकों को वापस लाने की योजना बना रही है। 

वंदे भारत मिशन का दूसरा चरण पहले 22 मई को समाप्त होना था। हालांकि सरकार ने इसे 13 जून तक बढ़ा दिया। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मंगलवार को इस व्यापक अभियान में शामिल सभी एजेंसियों और मंत्रालयों के साथ बैठक की। विदेश मंत्री ने ट्वीट कर कहा कि बैठक का उद्देश्य वंदे भारत मिशन का विस्तार करना और इसकी क्षमता बढ़ाना था। उन्होंने कहा कि दूसरे चरण में 60 देशों से एक लाख भारतीयों को वापस लाने का लक्ष्य है।  मिशन का दूसरा चरण 17 मई को शुरू हुआ था।

विदेश मंत्री ने कहा कि भारतीय मंगलवार से सीमाक्षेत्रों से सड़क मार्गों से भी घर वापसी कर रहे हैं। वंदे भारत मिशन के पहले चरण की शुरुआत सात मई को हुई थी, जो 15 मई तक चला था। इसमें सरकार ने 12 देशों से करीब 15 हजार भारतीयों को निकाला।

देश में कोरोना की स्थिति:

भारत में कोरोना वायरस के संक्रमण में वृद्धि जारी है और इसके पॉजिटिव मामलों का आंकड़ा डेढ़ लाख पार कर गया है। देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 6387 नए मामले सामने आए हैं और करीब 170 लोगों की मौतें हुई हैं। बुधवार को जारी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, देशभर में कोरोना वायरस के मामले बढ़कर 151767 हो गए हैं और कोविड-19 से अब तक 4337 लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना वायरस के कुल 151767 केसों में 83004 एक्टिव केस हैं, वहीं 64425  लोगों को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है या फिर वह ठीक हो चुके हैं। कोरोना वायरस से अब तक सबसे अधिक 1792 लोगों की मौत महाराष्ट्र में हुई। यहां अब इस महामारी से पीड़ितों की संख्या 54758 हो गई है।