लॉकडाउन: स्कूल और कॉलेज खोलने की परमिशन?, जानिए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने क्या कहा

by

तेजी से फैल रहे घातक कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए देश में लॉकडाउन लागू किए दो महीने से ज्यादा का समय हो गया हैं। लॉकडाउन के बीच मंगलवार (26 मई) को सोशल मीडिया पर देशभर के स्कूल और कॉलेज खोलने के लिए गृह मंत्रालय ने दी परमिशन देने की अफवाह बहुत तेजी से वायरल हो गई। इसके बाद लोग एक दूसरे से सवाल करने लगे क्या सभी स्कूल खोलने के आदेश जारी कर दिए गए। इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय की तरफ से एक स्पष्टीकरण जारी किया गया।

http://www.jantakareporter.com/wp-content/uploads/2020/05/schools.png

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मंगलवार रात को कहा कि स्कूल और कालेज खोलने पर अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है और देशभर में सभी शैक्षणिक संस्थान खोलने पर अभी भी रोक है। मीडिया के एक वर्ग में ऐसी खबर आई थी कि मंत्रालय ने सभी राज्यों में स्कूल खोलने की अनुमति दे दी है जिसके बाद गृह मंत्रालय के प्रवक्ता की ओर से यह वक्तव्य जारी किया गया।

प्रवक्ता ने ट्वीट किया, ‘‘केंद्रीय गृह मंत्रालय ने ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया है। देशभर में सभी शैक्षणिक संस्थान खोलने पर अभी भी रोक है।’’ कोरोना वायरस संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए मार्च मध्य से सभी शैक्षणिक संस्थान बंद हैं।

गौरतलब है कि, कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए देश में लॉकडाउन लागू किए दो महीने हो गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 24 मार्च को पहले लॉकडाउन की घोषणा की थी, जो कि 25 मार्च से लागू हुआ था। फिलहाल कुछ रियायतों के साथ लॉकडाउन का चौथा चरण 31 मई तक जारी रहेगा। हालांकि लॉकडाउन के बावजूद देश में कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़ती ही जा रही है।