https://www.livehindustan.com/static/images/default-images/default-image640x360.jpg

पूरे बिहार में गर्मी ने झुलसाया, गया में चली लू, जानें कब मिलेगी भीषण गर्मी से निजात

by

पूरे बिहार में लगातार दूसरे दिन सोमवार को भी गर्मी झुलसाती रही। दिन का तापमान गया में तो 45 डिग्री पार गया। यह सूबे में सबसे गर्म रहा। पटना में भी पारा 40 के पार पहुंच गया। गया में हीट वेब (लू) की स्थति रही। मौसम विभाग ने गया के अलावा बक्सर, रोहतास, भभुआ और औरंगाबाद में मंगलवार को लू की चेतावनी जारी की है। बुधवार तक भीषण गर्मी से निजात मिलने की उम्मीद नहीं है। 

 पटना में 40 डिग्री से अधिक तापमान पहुंचने और पुरवाई चलने से उमस की स्थिति रही, जिससे लोग ज्यादा परेशान रहे। पुरवाई के कारण बंगाल की खाड़ी से हवा अपने साथ नमी ला रही है। इससे आर्द्रता बढ़ने से चिपचिपी गर्मी बेहाल कर रही है। पटना में सुबह के समय आर्द्रता 79 फीसदी तो शाम को 55 फीसदी रही। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को पटना में तापमान एक से दो डिग्री तक और बढ़ेगा। वहीं, गया में अधिकतम तापमान ने पिछले चार वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। चार वर्षों में पारा 45 के पार नहीं पहुंचा था। 

सामान्य से लगभग छह डिग्री अधिक पहुंचा पारा 
कुछ हिस्सों को छोड़कर लगभग पूरे बिहार में दिन और रात का तापमान सामान्य से तीन से लगभग छह डिग्री तक ऊपर चला गया है। पटना में अधिकतम तापमान  3.1, गया में 5.7, भागपुर में 3.3 डिग्री सामान्य से अधिक रहा। वहीं निम्नतम यानी रात का तापमान  क्रमश: 3.5, 2.6 व 2.6 डिग्री सामान्य से अधिक रहा। केवल पूर्णिया में बारिश होने के कारण तापमान सामान्य के आसपास दर्ज किया गया। 

गुरुवार को हो सकती है बारिश 
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को राज्य के विभिन्न हिस्सों में बूंदाबांदी हो सकती है। एक पश्चिमी विक्षोभ हिमालय की तराई वाले क्षेत्रों में प्रवेश करेगा, जिसके कारण बादल छायेंगे और बूंदाबांदी होगी। वहीं इसके गर्मी के कारण नमी के वाष्पीकृत होने के कारण कहीं-कहीं बादल बनेंगे और बारिश होगी। 

कब होती है हीट वेब (लू) की स्थिति
जब दिन का तापमान 45 डिग्री के ऊपर पहुंच जाता है और इसमें सामान्य से 4.6 डिग्री तक की वृद्धि होती है तो हीट वेब की स्थति बनती है। 

तापमान --
चार शहरों का तापमान 
शहर        अधिकतम    न्यूनतम
पटना        40.2        29.2
गया        45.7        28.5
भागलपुर        40.0        28.6
पूर्णिया         34.9        22.0
(तापमान 25 मई का)