62 दिन बाद घरेलू उड़ानें शुरू / पहले दिन 532 फ्लाइट्स से 39 हजार 231 यात्रियों ने उड़ान भरी, राज्यों में पाबंदियों की वजह से 630 कैंसिल हुईं

by
इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यात्री काफी खुश और अलर्ट दिखे। यहां से सोमवार सुबह पहली फ्लाइट दिल्ली से पुणे के लिए 4 बजकर 45 पर उड़ी।

दैनिक भास्कर

May 25, 2020, 08:31 PM IST

नई दिल्ली. देश में 62 दिन बाद घरेलू उड़ानें सोमवार से शुरू हो गईं। दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुबह 4 बजकर 45 मिनट पर पुणे के लिए सबसे पहली फ्लाइट रवाना हुई और यह 7:30 पुणे पहुंच गई। इसमें सवार यात्रियों ने कहा- 'हम यात्रा के पहले नर्वस थे, लेकिन सभी यात्रियों ने सावधानी बरती। फ्लाइट्स में कम लोग सवार थे।'

नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि सोमवार को 532 फ्लाइट्स से 39 हजार 231 यात्रियों ने उड़ान भरी। उन्होंने कहा कि भारतीय आकाश में रोमांच की वापसी हुई है। आंध्र में कल से और बंगाल में 28 मई से उड़ानें शुरू होगीं। इसके बाद उड़ानों और यात्रियों की संख्या में और इजाफा होगा।

महाराष्ट्र ने यात्रियों के लिए नई एसओपी जारी की
महाराष्ट्र ने घरेलू उड़ान के यात्रियों के लिए नया स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसिजर (एसओपी) जारी किया। इसके तहत सभी यात्रियों पर ठप्पा लगाया जाएगा। उन्हें 14 दिनों तक होम क्वारैंटाइन रहना होगा। उन यात्रियों को छूट रहेगी जो थोड़े समय के लिए मुंबई आ रहे हैं। उन्हें अपनी यात्रा से जुड़ी पूरी जानकारी साझा करना होगी।

बता दें कोरोना और लॉकडाउन की वजह से सरकार ने 25 मार्च से घरेलू यात्री उड़ानों को पूरी तरह बंद कर दिया था। अंतरराष्ट्रीय उड़ानें 22 मार्च से ही बंद हैं। इस दौरान मालवाहक उड़ानें और स्पेशल फ्लाइट्स का ऑपरेशन ही जारी था। 

पैसेंजर खुश दिखे, फ्लाइट अटैंडेंड ने कहा- थोड़े चिंतित हैं 
इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुबह यात्री खुश दिखे। सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन कर रहे थे। दिल्ली-पुणे प्लेन की फ्लाइट अटैंडेंड  अमनदीप कौर ने कहा- हम पहली बार काम पर आते वक्त चिंतित हैं। हमें एयरलाइन से पहनने के लिए पीपीई किट मिलेगा।

आज 1050 फ्लाइट्स उड़ान भरेंगी  

कौन सी फ्लाइट कहां गई
दिल्ली:  विस्तारा एयरलाइंस की फ्लाइट दिल्ली से भुवनेश्वर के लिए रवाना हुई। इसमें 95 पैसेंजर सवार थे। वहीं, यहां पहली फ्लाइट अहमदाबाद से पहुंची।
बेंगलुरु: यहां से पहली फ्लाइट सुबह 5:35 बजे रांची के लिए उड़ी। इसमें 173 यात्री सवार थे। इसके अलावा एक फ्लाइट चेन्नई गई। एयरपोर्ट के अफसर के मुताबिक, सुबह 9 बजे तक 17 फ्लाइट्स बेंगलुरु से रवाना हुईं और 5 फ्लाइट्स आईं।
चेन्नई:  यहां से 111 यात्रियों को लेकर इंडिगो की फ्लाइट सुबह 6.25 बजे दिल्ली गई।
रांची: यहां से एयर एशिया की फ्लाइट ने सुबह 5.35 बजे उड़ान भरी। इसमें 173 यात्री सवार थे। चेन्नई से उड़ी इंडिगो की फ्लाइट ने यहां सुबह 7.30 बजे लैंड किया।

सभी राज्यों ने यात्रियों के लिए गाइंडलाइंस जारी कीं 
घरेलू उड़ान सेवाएं शुरू होने से पहले सभी राज्यों ने यात्रियों के लिए सख्त स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) तय किया है। सभी यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग होगी। उन्हें 14 दिन के लिए होम क्वारैंटाइन में जाना होगा।

https://images.bhaskarassets.com/web2images/521/2020/05/25/2020-05-24_1590367238.jpg