https://www.livehindustan.com/static/images/default-images/default-image640x360.jpg

राष्ट्रपति कोविंद ने अरविंद केजरीवाल को नियुक्त किया दिल्ली का मुख्यमंत्री

by

दिल्ली चुनाव में बड़ी जीत हासिल करने के बाद अरविंद केजरीवाल को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शुक्रवार को दिल्ली का मुख्यमंत्री नियुक्त कर दिया। सरकारी अधिसूचना जारी करके बताया गया है कि दिल्ली में छह विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे।

दिल्ली में जो मंत्री पद की शपथ लेंगे, वे मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन, गोपाल राय, कैलाश गहलोत, इमरान हुसैन और राजेंद्र गौतम हैं। मालूम हो कि 11 फरवरी को आए दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों में आम आदमी पार्टी ने 70 में से 62 सीटें हासिल की हैं। बीजेपी को आठ सीटों पर जीत मिली है। वहीं, कांग्रेस को एक बार फिर से शून्य सीट मिली।

वहीं, तीसरी बार दिल्ली के मुख्यमंत्री का पद संभालने जा रहे अरविंद केजरीवाल के शपथ ग्रहण समारोह की ऐतिहासिक रामलीला मैदान में जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं। इस मैदान को सजाया जा रहा है तथा पार्टी कार्यकर्ता तैयारी में जुटे हुए हैं। 

शपथ ग्रहण समारोह के लिए पीएम को आमंत्रण

आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रामलीला मैदान में होने वाले अपने शपथ ग्रहण समारोह के लिए आमंत्रित किया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता गोपाल राय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। आम आदमी पार्टी की दिल्ली ईकाई के संयोजक राय ने कहा कि प्रधानमंत्री को शुक्रवार को सुबह पत्र भेजा गया। राय ने बताया कि दिल्ली के सभी सातों सांसदों और भाजपा के आठ नव निर्वाचित विधायकों को भी शपथ ग्रहण समारोह के लिए आमंत्रित किया गया है।