https://www.livehindustan.com/static/images/default-images/default-image640x360.jpg

जापानी क्रूज लाइनर पर एक और भारतीय में कोरोना वायरस की पुष्टि

by

जापान के योकोहामा बंदरगाह पर रुके लग्जरी क्रूज लाइनर पर एक और भारतीय में जानलेव कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। शुक्रवार को टोक्यो में स्थित दूतावास ने कहा कि जापान के तट से दूर क्रूज जहाज पर सवार एक अन्य भारतीय को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है। इसी के साथ जहाज पर कोरोना वायरस से पीड़ित भारतीयों की संख्या तीन पहुंच गई है।

बता दें कि कोरोना वायरस की वजह से चीन में अब तक 1381 लोगों की जान जा चुकी है। केवल चीन में 64,000 लोग कोरोना वायरस की चपेट में हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने इस बीमारी का नाम COVID-19 रखा है। इस बीमारी का पहला मरीज चीन में मिला था और धीरे-धीरे यह दुनिया के कई देशों में अपना पैस पसार लिया है।

तीन भारतीय के साथ 219 लोगों को योकोहामा बंदरगाह पर एक आइसोलेशन में रखा गया है। इस जहाज पर 3711 लोग थे, जिसमें चालक दल समेत 138 भारतीय यात्री शामिल हैं। एक बयान में कहा गया है कि टोक्यो में भारत के दूतावास ने उन सभी तीन भारतीय नागरिकों से संपर्क में है। फिलहाल जिनकी रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है उनका इलाज किया जा रहा है। 

बयान में कहा गया है कि उनके स्वास्थ्य में पहले की तुलना में अब सुधार भी हो रहा है। वहीं दूतावास की ओर से कहा गया है कि जहाज पर सभी भारतीयों नागरिकों की भलाई सुनिश्चित करने के लिए जापानी अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं। जापानी अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है कि वे स्वास्थ्य प्रोटोकॉल का पालन कर रहे हैं।

वहीं जापानी की सरकार ने शुक्रवार को कहा है कि नए कोरोना वायरस के जांच में निगेटिव रिपोर्ट वाले बुजुर्ग यात्रियों को जहाज छोड़ने की अनुमति दे दी है। क्रूज लाइनर में शेफ की जिम्मेदारी संभाल रहे बिनय कुमार सरकार ने एक वीडिया रिकॉर्ड किया था। अपने वीडियों संदेश में उन्होंने कहा, 'इस वक्त हम डरे डरे हुए हैं। हम भारत सरकार और संयुक्त राष्ट्र से मदद की गुहार लगा रहे हैं। जितनी जल्दी हो सके हमारी मदद की जाए। इस क्रूज पर 3200 लोग हैं। इनमें से सिर्फ 500 के सैंपल की जांच हुई है। हम में से किसी के सैंपल की जांच नहीं हुई है।'

यह भी पढ़ें- चीन में 24 घंटों में corona से 4823 लोग बीमार और 116 की मौत