https://www.livehindustan.com/static/images/default-images/default-image640x360.jpg

पुलवामा के सालभर होने पर PAK की नापाक हरकत, गोलीबारी में एक की मौत

by

जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले को शुक्रवार को एक साल पूरा हो गया। जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के नजदीक स्थित एक गांव में पाकिस्तान के सैनिकों ने शुक्रवार को गोले बरसाए। इस गोलाबारी में एक ग्रामीण की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी सेना ने जिले के शाहपुर और करनी इलाकों में गांवो और अग्रिम चौकियों को निशाना बनाकर मोर्टार दागे और छोटे हथियारों से गोलीबारी की। अधिकारियों ने कहा कि पाकिस्तान ने गांवों को निशाना बनाने के लिए 120-एमएम के मोर्टार इस्तेमाल किए।

उन्होंने कहा कि इस गोलाबारी में एक ग्रामीण की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। सीमा पर तैनात भारतीय सैनिकों ने मुहंतोड़ जवाब दिया, जिसके बाद दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई। आखिरी खबर मिलने तक गोलीबारी जारी थी।

इससे पहले शनिवार को पाकिस्तानी सेना ने संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए नियंत्रण रेखा पर जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में छोटे हथियारों से गोलीबारी की थी और मोर्टार दागे थे। इसमें एक सैनिक शहीद हो गया और तीन अन्य घायल हो गए थे।

अधिकारियों ने बताया था कि गोलीबारी की चपेट में आए सैनिक देगवार सेक्टर में एक अग्रिम चौकी में तैनात थे। इससे पूर्व, एक रक्षा प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तान ने अपराह्न लगभग 3.45 बजे संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए छोटे हथियारों से गोलीबारी की और मोर्टार दागे।