https://www.livehindustan.com/static/images/default-images/default-image640x360.jpg

CBSE 12th Exam 2020: सीबीएसई 12वीं पॉलिटिकल साइंस के पेपर में यूं लाएं अच्छे मार्क्स

by

CBSE 12th political science Exam 2020: आर्ट्स स्ट्रीम से बारहवीं करने वाले छात्रों के लिए राजनीति शास्त्र यानी पॉलिटिकल साइंस बहुत महत्वपूर्ण विषय माना जाता है, क्योंकि कॉलेज में दाखिले के समय इस विषय के अंक आपके कुल प्राप्तांकों के प्रतिशत को प्रभावित करते हैं। इसलिए यह जरूरी है कि पूरा ध्यान लगाकर इसकी पढ़ाई की जाए। आमतौर पर छात्रों में यह धारणा होती है कि यह एक आसान विषय है और वे इसकी तरफ ध्यान *कम देते हैं। लेकिन सच यह है कि विषयवस्तु का पूरा ज्ञान न होने पर नंबर कट सकते हैं। इसके अलावा पॉलिटिकल साइंस का पेपर लंबा होता है। इसलिए लिखने की अच्छी स्पीड का होना बहुत जरूरी है, ताकि समय पर पेपर पूरा किया जा सके।

फॉर्मेट
सीबीएसई द्वारा इस साल से राजनीति विज्ञान के प्रश्न-पत्र के प्रारूप में कुछ महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। इस बार से राजनीति विज्ञान का पेपर भी अन्य विषयों की तरह लिखित और परियोजना कार्य में बांट दिया गया है।

- इस साल से लिखित परीक्षा में कुल 80 अंक के सवाल पूछे जाएंगे।
- 20 अंक परियोजना कार्य यानी प्रोजेक्ट वर्क के लिए निर्धारित किए गए हैं।
- बारहवीं कक्षा में राजनीति विज्ञान की दो पुस्तकें हैं, छात्र दोनों में से किसी से भी विषय चुनकर प्रोजेक्ट बना सकते हैं।
- लिखित परीक्षा में दोनों पुस्तकों में से 40-40 अंक के प्रश्न पूछे जाएंगे।

मार्किंग
- पेपर में कुल 32 प्रश्न पूछे जाएंगे।
- प्रश्न संख्या 1 से 20 तक में 1-1 अंक के कुल 20 प्रश्न पूछे जाएंगे। इनमें बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे तथा रिक्त स्थानों की पूर्ति करो जैसे प्रश्न भी होंगे।
- प्रश्न संख्या 21 से 23 तक 2-2 अंक के सवाल पूछे जाएंगे।
- प्रश्न संख्या 24 से 27 के बीच 4-4 अंक वाले प्रश्न पूछे जाएंगे।
- प्रश्न संख्या 28 से 30 में 5-5 अंक के प्रश्न छात्रों से पूछे जाएंगे।
- ये प्रश्न अनुच्छेद आधारित तथा कार्टून पर आधारित होंगे।
- 5 अंक का एक प्रश्न मानचित्र पर आधारित पूछा जाएगा।
- 6 अंक का एक अन्य प्रश्न भी पूछा जाएगा। यह भी मानचित्र पर ही आधारित होगा।
- प्रोजेक्ट वर्क में 10 अंक के मौखिक प्रश्न पूछे जाएंगे।
- 10 अंक परियोजना कार्य के लिए निर्धारित किए गये हैं।

टिप्स
- प्रश्न-पत्र मिलते ही सबसे पहले उसे अच्छी तरह पढ़ें और उसके बाद ही उत्तर लिखना शुरू करें।
- जिन प्रश्नों के उत्तर ज्यादा बेहतर तरीके से आते हों, उन्हें सबसे पहले लिखें।
- अनुच्छेद, कार्टून तथा मानचित्र पर आधारित प्रश्न जरूर हल करें, क्योंकि इन प्रश्नों में अच्छे अंक प्राप्त करने की ज्यादा संभावना होती है।
- 4 और 6 अंक वाले प्रश्नों के उत्तर लिखते समय हेडिंग जरूर डालें और उनकी सटीक व्याख्या करें।
- अनुच्छेद पर आधारित प्रश्नों का उत्तर लिखने से पहले पूरे अनुच्छेद को ध्यानपूर्वक अवश्य पढ़ें।
- मानचित्र का प्रश्न हल करते समय उत्तर पुस्तिका में वही तालिका बनाएं, जो प्रश्न-पत्र में दी गई हो।
- प्रोजेक्ट वर्क में 10 अंक के मौखिक प्रश्नोत्तर की तैयारी अच्छी तरह करें।

सामान्य गलतियां
- पेपर में जल्दबाजी न दिखाएं।
- घबराएं नहीं और शांत दिमाग से सभी प्रश्नों के उत्तर लिखें।
- उत्तर लिखते समय प्रश्नों की क्रम संख्या को अपनी मर्जी से न बदलें।
- प्रत्येक प्रश्न का उत्तर उसके लिए निर्धारित अंक के हिसाब से ही लिखें।
- राजनीति शास्त्र का पेपर लंबा होता है, इसलिए समय का ध्यान रखें।
- जहां जरूरत हो, वहां उत्तर में प्वाइंट जरूर शामिल करें।
- ज्यादा अंक वाले प्रश्नों का उत्तर हेडिंग और सब-हेडिंग डाल कर लिखें।
- एक-एक अंक वाले सभी 20 प्रश्नों की तैयारी अच्छी तरह करें।
- शुरुआती 20 सवालों का एक शब्द *में उत्तर देना होता है और नंबर पूरे मिलते हैं, इसलिए सबसे पहले उनका उत्तर लिखें।
- अपने नोट्स जरूर बनाएं, जिनमें महत्वपूर्ण तारीखें शामिल हों।

प्रस्तुति : स्वाति गौड़
(सुशीला (प्रवक्ता, राजनीति शास्त्र, राजकीय सर्वोदय कन्या विद्यालय, पूर्वी विनोद नगर, दिल्ली-91) से बातचीत के आधार पर)