https://www.livehindustan.com/static/images/default-images/default-image640x360.jpg

नगर निगम में कंबल आते ही विवाद शुरू, गुणवत्ता और संख्या को लेकर पार्षदों में नाराजगी

by

लंबे समय के इंतजार और ठंड के लगभग खत्म होने के समय नगर निगम क्षेत्र में वितरण के लिए कंबल की खरीद हुई। गुरुवार को कंबल लदा वाहन नगर निगम पहुंचते हुए विवाद शुरू हो गया। कंबल की गुणवत्ता और संख्या को लेकर पार्षदों में नाराजगी है। हालांकि कंबल सभी वार्ड में भेज दिया गया है।
 
गुरुवार को नगर निगम में कंबल लदा वाहन पहुंचा तो निगम प्रशासन ने जल्दी में वितरण के लिए वार्ड में कंबल भिजवा दिया। वार्ड में जो कंबल भेजे गये हैं वह दो तरह के बताये जा रहे हैं। एक पैकेट में बंद प्रत्येक कंबल का वजन दो किग्रा है जबकि दूसरे पैकेट में बंद प्रत्येक कंबल का वजन 2.3 किग्रा है। बताया जा रहा है एक कंबल दो लेयर का जबकि दूसरा कंबल एक ही लेयर का है। कंबल की गुणवत्ता को लेकर विवाद शुरू हो गया है। 

200 देने का दावा था, मिला 150 
प्रत्येक वार्ड में दो-दो सौ कंबल वितरण किये जाने का नगर निगम का दावा था, लेकिन अब प्रत्येक वार्ड में 150-150 कंबल ही उपलब्ध कराये गये हैं। वार्ड संख्या 25 के पार्षद गोविंद बनर्जी ने कहा कि नगर आयुक्त ने कंबल वितरण के लिए जारी पत्र में लिखा है कि प्रत्येक वार्ड में पहले ही 50-50 कंबल का वितरण किया जा चुका है, इसलिए अभी 150-150 कंबल ही उपलब्ध कराये गये हैं। नगर निगम की इस बात से पार्षदों में नाराजगी है।

 गोविंद बनर्जी का कहना है कि पिछली बार जब 50 कंबल का वितरण किया जा रहा था तो उसकी गुणवत्ता अच्छी नहीं होने की वजह से कई पार्षदों ने कंबल नहीं लिये थे। उस समय नगर आयुक्त ने कहा था कि संख्या में कटौती नहीं की जायेगी और सभी वार्ड में दो-दो सौ कंबल दिये जायेंगे। पार्षद ने और 50-50 कंबल उपलब्ध कराने का आग्रह नगर आयुक्त से किया है। गौरतलब है कि कंबल का मामला शुरू से ही विवादित रहा है। पहले खरीद में देरी को लेकर और अब गुणवत्ता और संख्या को लेकर।