https://www.livehindustan.com/static/images/default-images/default-image640x360.jpg

ट्रक से कुचलकर वृद्ध की मौत, आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम किया

by

बिहार के जहानाबाद जिले में शुक्रवार सुबह ट्रक से कुचलकर एक वृद्ध व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। घटना मखदुमपुर-गुलाबगंज रोड पर रामपुर मोड़ के पास हुई। मृतक कचनावा गांव का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि सुबह पांच बजे के करीब शौच कर घर लौट रहा था तभी गुलाबगंज की ओर से आ रहे ट्रक ने उसे कुचलते हुए मखदुमपुर की ओर भाग गया। इस हादसे में वृद्ध की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने  मखदुमपुर गुलाबगंज पथ को जाम कर दिया। इस कारण वाहनों का आवागमन बाधित हो गया। हालांकि स्थानीय लोगों के पहल पर स्कूली वाहनों को जाने दिया गया।

सूचना मिलते ही मखदुमपुर थाना अध्यक्ष धनंजय कुमार और स्थानीय मुखिया अशोक कुमार घटनास्थल पर पहुंचे लोगों को समझाने का प्रयास किया। लोग 4 लाख रुपए मुआवजे की मांग कर रहे थे। बाद में  बीडीओ अनिल मिस्त्री घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझा कर जाम हटाया। बीडीओ ने परिवारिक लाभ के अंतर्गत 20000 का चेक प्रदान किया और हर संभव सहायता करने का आश्वासन दिया। स्थानीय मुखिया ने कबीर अंत्येष्टि के अंतर्गत 3 हजार रुपये  प्रदान किए। घटनास्थल पर जिला पार्षद धर्मेंद्र पासवान भी उपस्थित थे।

लोगों के समझाने पर जाम 9:30 बजे हटा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जहानाबाद भेज दिया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रक का पीछा किया। ट्रक को मखदुमपुर बाजार में पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया गया है। ट्रक पर आलू लदा था। उसे मखदुमपुर बाजार में है खाली करना था। ट्रक उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले का है।