मध्य प्रदेश / इंदौर के एमवायएच अस्पताल में कोरोनावायरस के दो संदिग्ध मरीज भर्ती, दोनों छात्र हाल ही में चीन से लौटे

by
https://i10.dainikbhaskar.com/thumbnails/730x548/web2images/www.bhaskar.com/2020/01/31/cb315566-9841-4b67-bfd6-f10dfb88e4bc_1580484997.jpg
इंदौर की छात्रा और खरगोन के छात्र को एमवायएच में अलग वार्ड में भर्ती किया गया है।

Dainik Bhaskar

Jan 31, 2020, 09:55 PM IST

इंदौर. कोरोनावायरस के दो संदिग्ध मरीजों को गुरुवार शाम शासकीय महाराजा यशवंत राव होलकर चिकित्सालय (एमवायएच) में भर्ती कराया गया। दरअसल, ये दोनों छात्र चीन के अलग-अलग शहरों से लौटे हैं। छात्र की उम्र 21 है, जबकि छात्रा 22 वर्षीय है। दोनों को सर्दी-जुकाम की शिकायत के बाद अस्पताल में अलग वार्ड बनाकर भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि दोनों को एहतियातन भर्ती किया गया है। दोनों के खून के नमूनों को कोरोनावायरस संक्रमण की जांच के लिए पुणे के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी भेजा गया है।

अधीक्षक बोले- सुरक्षा के लिहाज से दोनों को भर्ती किया

अस्पताल के अधीक्षक डॉ. पी.एस. ठाकुर ने बताया कि इंदौर निवासी एक छात्रा चीन के वुहान शहर के एक चिकित्सा महाविद्यालय में मेडिकल की पढ़ाई कर रही थी। यह शहर कोरोनावायरस के प्रकोप से सबसे ज्यादा प्रभावित है। वहीं, खरगोन निवासी एक अन्य छात्र चीन के निनचैंग से आया है, जो वुहान से 350 किमी दूर है। दोनों को सुरक्षा के लिहाज से भर्ती किया गया है। दोनों छात्र 15 जनवरी को ही भारत आ गए थे।