https://www.livehindustan.com/static/images/default-images/default-image640x360.jpg

दिल्ली चुनाव मैदान में उतरे 160 करोड़पति प्रत्याशी, 'आप' के उम्मीदवार सबसे अमीर

by

दिल्ली के चुनावी दंगल में आम आदमी पार्टी (आप), भाजपा और कांग्रेस ने 160 करोड़पति उम्मीदवार उतारे हैं। इनमें सबसे अधिक कांग्रेस के 55, 'आप' के 50 और भाजपा के 47 उम्मीदवार शामिल हैं। 

इसके अलावा, भाजपा और कांग्रेस के साथ गठबंधन करने वाली आरजेडी, एलजेपी और जेडीयू ने भी 7 करोड़पति उम्मीदवारों को टिकट दिए हैं। यदि 2015 के चुनाव से तुलना करें तो इस बार करोड़पति उम्मीदवारों की संख्या बढ़ी है। उस समय ऐसे 152 उम्मीदवार ही चुनाव मैदान में थे।

राखी बिड़लान सबसे गरीब : करोड़पति उम्मीदवारों में सबसे अमीर उम्मीदवार मुंडका से आम आदमी पार्टी के धर्मपाल लाकड़ा हैं। उनकी कुल संपत्ति 292.1 करोड़ रुपये है जबकि वह सालाना 95.71 लाख रुपये कमाते हैं। वहीं, उम्मीदवारों में सबसे कम संपत्ति मंगोलपुरी सीट से आप की ही उम्मीदवार राखी बिड़लान की है। उन्होंने अपनी आय कुछ नहीं दिखाई है। उनके पास सिर्फ कुल 76 हजार 421 रुपये की चल संपत्ति है।

80 करोड़ से अधिक वाले तीन प्रत्याशी : संपत्ति घोषित करने वालों में 13 उम्मीदवार ऐसे हैं, जिनके पास 50 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है। इनमें आप के 6, कांग्रेस के 4 और भाजपा के तीन उम्मीदवार शामिल हैं। तीन उम्मीदवार ऐसे भी हैं, जिनकी संपत्ति 80 करोड़ से अधिक है। ये तीनों ही आप के हैं, जिनमें लाकड़ा के अलावा आरके पुरम से प्रमिला टोकस और बदरपुर से रामसिंह नेता हैं। भाजपा में छत्तरपुर से ब्रह्म सिंह तंवर 66.32 करोड़ की चल व अचल संपत्ति के साथ सबसे अमीर उम्मीदवार हैं। वहीं कांग्रेस में छत्तरपुर से ही सतीश लोहिया 55.66 करोड़ की संपत्ति के साथ सबसे अमीर उम्मीदवार हैं।

तीनों दलों में सबसे अमीर प्रत्याशी 

आप

उम्मीदवार            संपत्ति (करोड़ में) 
धर्मपाल लाकड़ा        292.11 
प्रमिला टोकस           80.69
रामसिंह नेता            80.05

भाजपा

उम्मीदवार           संपत्ति (करोड़ में) 
ब्रहम सिंह तंवर       66.32
डॉ. अनिव गोयल     64.48
सतप्रकाश राणा       56.45

कांग्रेस

उम्मीदवार            संपत्ति (करोड़ में) 
सतीश लोहिया           56.17
मनदीप सिंह              54.03
गुरुचरण सिंह राजू       53.67

(चल-अचल संपत्ति पति-पत्नी की मिलाकर लिखी गई है।) 

केजरीवाल को जीत की हैट्रिक का भरोसा, परिवार ने संभाली कमान