राहुल गांधी ने पूछा, जामिया में गोलीबारी करने वाले को पैसा किसने दिया

by

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया में संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर एक किशोर द्वारा गोली चलाए जाने की घटना को लेकर शुक्रवार को सवाल किया कि इस बंदूकधारी को पैसे किसने दिए थे। संसद भवन परिसर में गांधी ने गुरुवार को जामिया में गोलीबारी की घटना के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘‘उसको पैसे किसने दिए?’’

http://www.jantakareporter.com/wp-content/uploads/2019/10/Screenshot_11.png
फाइल फोटो

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया के समीप गोलीबारी की घटना को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। प्रियंका ने ट्वीट किया, “जब भाजपा सरकार के मंत्री और नेता लोगों को गोली मारने के लिए उकसाएँगे, भड़काऊ भाषण देंगे तब ये सब होना मुमकिन है। प्रधानमंत्री को जवाब देना चाहिए कि वे कैसी दिल्ली बनाना चाहते हैं? वे हिंसा के साथ खड़े हैं या अहिंसा के साथ? वे विकास के साथ खड़े हैं या अराजकता के साथ?”

गौरतलब है कि, गुरुवार को एक शख्स ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया के समीप सीएए विरोधी प्रदर्शनकारियों के एक समूह पर पिस्तौल से गोलियां चलाईं जिसमें एक छात्र घायल हो गया। इससे पहले वह इलाके में भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बीच पिस्तौल लहराते हुए आया और चिल्लाकर कहा  ‘यह लो आजादी’। इसकी वजह से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।

सीएए के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर गोली चलाने वाले इस शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया है। गोली चलाने वाले युवक की पहचान ‘राम भक्त गोपाल’ के रूप में हुई है और वह ग्रेटर नोएडा का रहने वाला है। हमला करने से पहले युवक ने एक के बाद एक कई फेसबुक लाइव किए थे।

गौरतलब है कि, नागरिकता संशोधन कानून (CAA) और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (NRC) के खिलाफ देश के कई राज्यों में पिछले कुछ दिनों से जमकर विरोध-प्रदर्शन हो रहे है। इस प्रदर्शन के दौरान उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत कई राज्यों में हिंसात्मक घटनाएं भी हुईं, जिसमें कई लोगों की मौत हो गई। नागरिकता संशोधन कानून का कांग्रेस, टीएमसी, सामाजिक कार्यकर्ता समेत लगभग सभी विपक्षी दल विरोध कर रहे हैं।