मुजफ्फरपुर / घर में घुसकर लड़की से दुष्कर्म की कोशिश; नाकाम रहने पर आरोपी ने पीड़ित को जलाया, डॉक्टर बोले- बचना मुश्किल

by
https://i10.dainikbhaskar.com/thumbnails/730x548/web2images/www.bhaskar.com/2019/12/09/aaag-victim_1575843916.jpg
अहियापुर में जलाई गई युवती से एसकेएमसीएच में पूछताछ करती पुलिस।

Dainik Bhaskar

Dec 09, 2019, 03:03 PM IST

मुजफ्फरपुर. बिहार के मुजफ्फरपुर में एक प्रॉपर्टी डीलर के बेटे ने घर में घुसकर लड़की से दुष्कर्म की कोशिश की। इसमें नाकाम रहने पर उसने केरोसिन डालकर पीड़ित को जला दिया। 85% जली लड़की को एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। वह कोमा में है। डॉक्टरों ने बताया कि पीड़ित के बचने की उम्मीद कम है। घटना शनिवार की है, लेकिन मामला रविवार को सामने आया। पुलिस ने आरोपी राजा राय को गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़ित की मां ने बताया- आरोपी 3 साल से मेरी बेटी के साथ छेड़खानी कर रहा था। हम 5 बार अहियापुर थाने में शिकायत दर्ज कराने गए मगर पुलिस ने रिपोर्ट नहीं लिखी। छठ के दिन भी आरोपी ने घर में घुसकर युवती से छेड़खानी की थी, लेकिन इसकी शिकायत पुलिस ने दर्ज नहीं की। आराेपी के डर से बेटी ने काेचिंग जाना भी छाेड़ दिया था।

नातिन ने काॅल करके जलाने की बात बताई: पीड़ित की मां 

पीड़ित की मां ने बताया- मैं नाइट ड्यूटी की वजह से शनिवार शाम साढ़े पांच बजे कटरा पीएचसी चली गई थी। घर में छाेटी बेटी (पीड़ित) अकेली थी। इसी दाैरान राजा (आरोपी) घर में घुसा और उसने बेटी के साथ मारपीट शुरू कर दी। माेहल्ले में ही रहने वाली दूसरी बेटी की बेटी (नातिन) ने मुझे फोन करके पूरा घटनाक्रम बताया। रात हाे जाने के कारण कटरा से आने के लिए काेई सवारी नहीं थी। थोड़ी देर बाद नातिन ने बताया कि राजा ने बेटी को जला दिया।

शक न हो इसलिए आरोपी लड़की को खुद अस्पताल ले गया

पीड़ित के भाई ने बताया कि आरोपी अपने साथियों के साथ पूरी प्लानिंग के साथ उसकी बहन को जलाने के बाद एक निजी अस्पताल में ले गया ताकि लोगों को लगे कि घटना में उसका हाथ नहीं है। इससे आरोपी का बचाव हो सके। आरोपी ने ऐसे अस्पताल में उसे भर्ती कराया, जहां बर्न केस के इलाज की व्यवस्था ही नहीं थी।