https://images1.livehindustan.com/uploadimage/library/2019/04/22/16_9/16_9_1/_1555954639.jpg

प्लास्टिक से बनेंगे बाथरूम, पानी की बोतल से सड़क

by

वैज्ञानिकों ने प्लास्टिक व पालिथीन से निपटने का रास्ता निकाल लिया है। अब इसका इस्तेमाल सड़क बनाने के साथ साथ ट्वायलेट व घरों की दीवार में भी होगा। इससे टाइल्स भी बनेगी और शौचालय की शीट भी। जाने-माने वैज्ञानिक व प्लास्टिक मैन आफ इण्डिया के नाम से प्रसिद्ध पदमश्री आर बासुदेवन ने प्लास्टिक से प्लास्टो स्टोन तैयार किया है। जो आने वाले दिनों में काफी उपयोगी साबित होने जा रहा है। एलडीए की ओर से शुक्रवार को प्लास्टिक वेस्ट बिटूमिनस रोड कान्स्ट्रक्शन एण्ड व्हाइट सीमेंट टापिंग विषय पर आयोजित वर्कशाप में श्री वासुदेवन ने खुद इसकी जानकारी दी।

इन्दिरागांधी प्रतिष्ठान में आयोजित वर्कशाप में आर बासुदेवन ने कहा कि अब प्लास्टिक से घबराने की जरुरत नहीं है। सभी तरह की प्लास्टिक को अब नए सिरे से उपयोग में लाया जा सकेगा। उन्होंने प्लास्टो स्टोन के बारे में जानकारी दी। जिसे प्लास्टिक, डस्ट के साथ कुछ अन्य चीजों को मिलाकर तैयार किया गया है। इससे दीवार के पैनल तक बनेंगे। दरवाजे, टाइल्स, वॉश बेसिन, कमोड, शौचालय शीट सभी कुछ बनाया जा सका है। प्लास्टिक का दोबारा इस्तेमाल न तो नुकसान देय होगा और न ही ज्यादा महंगा। इससे पहले वर्कशाप का उद्घाटन एलडीए उपाध्यक्ष प्रभु एन सिंह ने किया। एलडीए के मुख्य अभियन्ता इन्दूशेखर सिंह, अधीक्षण अभियन्ता चक्रेश जैन, अधिशासी अभियन्ता पीएस मिश्रा, आनन्द मिश्रा सहित कई इंजीनियरों ने इसमें भाग लिया। लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई सहित प्रदेश के कई विकास प्राधिकरणों के इंजीनियर व अधिकारी कार्यशाल में शामिल हुए।  

27 हजार रुपए में तैयार होगा बाथरूम

प्लास्टिक से 27 हजार रुपए में बाथरूम तैयार होगा। आर बासुदेवन ने शुक्रवार को इसका प्रजेन्टेशन भी किया। इस बाथरूम में वॉल टाइल्स, पर्श की टाइल्स, वाश बेसिन, शीट सभी कुछ प्लास्टिक से ही बने होंगे। यही नहीं दरवाजे चौखट भी वेस्ट प्लास्टिक से बनेंगे। प्लास्टिक से बने प्लास्टो स्टोन से बाथरूम के निर्माण में तेजी आ रही है। यह आम टाइल्स की तुलना में ज्यादा मजबूत व किफायती भी है।

अब सड़क बनाने इस्तेमाल होगी पानी की बोतल

अभी तक एलडीए पालिथीन से सड़क बना रहा था लेकिन अब वह पानी की बोतल का भी इस्तेमाल करेगा। शुक्रवार को प्लास्टिक विशेषज्ञों खासकर आर बासुदेवन ने इसके इस्तेमाल से सड़क के और ज्यादा मजबूत होने की जानकारी दी। सड़क बनाने में प्लास्टिक के सभी तरीके के बोतल का इस्तेमाल होगा। इसमें कोल्ड ड्रिंक की बोतल भी इस्तेमाल होंगी। केवल पेट बोतल के ढक्कन का इस्तेमाल नहीं होगा। क्योंकि यह ज्यादा हार्ड होता है। आर बासुदेवन ने इससे सड़क बनाने की तकनीक भी प्रदेश के विभिन्न विकास प्राधिकरणों से आए इंजीनियरों को दी।