https://img.dainiksaveratimes.com/Uploads/img/2019/11/29/5829112019101748.jpg

किसानों पर दर्ज मामलों को रद्द करने की मांग

by

फतेहाबाद: किसानों पर पराली जलाने पर दर्ज हुए केस वापस लेने और बरसात व ओलावृष्टि से बर्बाद हुई फसलों के मुआवजे को लेकर किसान संघर्ष समिति के बैनर तले लघु सचिवालय के बाहर शुरू किए गए 24 घंटे के पड़ाव को किसानों ने अनिश्चितकालीन पड़ाव में तब्दील कर दिया है। इस दौरान किसानों ने लघु सचिवालय के सामने मानव श्रृंखला बनाकर किसानों पर दर्ज किए गए अपराधिक मुकदमों व उनकी गिरफ्तारी का विरोध किया। गुरुवार के धरने की अध्यक्षता दर्शन सिंह व बाबू सिंह ने संयुक्त रूप से की। किसान संघर्ष समिति के नेता मनदीप नथवान ने कहा कि किसानों को अपराधी ना बनाया जाए। किसान देश का अन्नदाता है, जिसने देश के अन्न के भंडार भरे हैं लेकिन सरकार ने अन्नदाता किसानों को आज अपराधी बनाकर रख दिया है, जिसे किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को तुरंत किसानों पर दर्ज अपराधिक मामले वापस लेने होंगे। आज धरने के दौरान फैसला किया गया कि सरकार की किसान विरोधी नीतियों को देखते हुए किसान अब अनिश्चितकालीन पड़ाव शुरू करेंगे। रोजाना 11 किसान लघु सचिवालय के बाहर 24 घंटे की भूख हड़ताल पर बैठेंगे। 29 नवम्बर को 80 वर्षीय किसान बलदेव सिंह के नेतृत्व में भूख हड़ताल शुरू की जाएगी। मनदीप नथवान ने कहा कि जब तक किसानों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं होते, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। इसके अलावा संघर्ष समिति द्वारा बरसात व ओलावृष्टि से खराब हुई फसलों का मुआवजा दिए जाने की भी मांग की गई। 

वर्षा के कारण गेहूं की फसलों को काफी नुकसान हुआ है, ऐसे में सरकार द्वारा किसानों को 10 हजार रुपये प्रति एकड़ गेहूं की फसल पर मुआवजा दिया जाए। बीमा कंपनियों की लूट बंद की जाए और खराब फसलों का मुआवजा दे। पुलिस द्वारा किसानों को परेशान करना बंद किया जाए। इन तमाम मांगों को लेकर यह आंदोलन जारी रहेगा और धरना स्थल पर ही लंगर की व्यवस्था शुरू कर दी गई है। इलाके की बड़ी संख्या में किसान धरना स्थल पर पहुंचने लगे हैं और यह लड़ाई हरियाणा के किसानों की बनेगी। पूरे हरियाणा के किसानों पर बने मुकदमों को रद्द कराने में फतेहाबाद जिले के किसानों का रोल रहेगा। इस धरने में राजेंद्र सिंह लाडी, सुखदेव सिंह, ओम प्रकाश, सर्वजीत सिंह, मलकीत सिंह, दीप सिंह आदि ने भी संबोधित किया।

DainikSavera APP डाउनलोड करें। ANDROID लिंक और iOS

Web Title: Demand to cancel cases registered on farmers