रिक्शे वाले के इस स्टाइल पर फिदा हुए आनंद महिंद्रा, गिफ्ट करेंगे नई गाड़ी

by

अकसर भारतीयों के मजेदार जुगाड़ वाले वीडियो शेयर करने वाले मशहूर उद्योगपति और महिंद्रा एंड महिंद्रा के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने ट्विटर पर एक रिक्शा चालक की तारीफ की है। उनकी दरियादिली के बारे में भी सभी जानते हैं, जरूरत पड़ने पर वह किसी की मदद करने से भी नहीं चूकते। कई बार उन्होंने कई लोगों को खुश होकर कार गिफ्ट की हैं। इस बार उन्होंने यह दरियादिली एक रिक्शे वाले पर दिखाई है। आनंद महिंद्रा उस रिक्शे वाले से इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने उसे एक नई गाड़ी देने का ही ऐलान कर दिया। बता दें कि, आनंद महिंद्रा अक्सर अपने ट्वीट्स को लेकर चर्चा में बने रहते हैं।

http://www.jantakareporter.com/wp-content/uploads/2019/11/Anand-Mahindra.png
फाइल फोटो

दरअसल, ट्विटर यूजर नीरज प्रताप सिंह ने आनंद महिंद्रा को टैग करते हुए रिक्शे की तस्वीर शेयर की, जिसमें उसने रिक्शे के पीछे की तरफ महिंद्रा की कारों पर आने वाला लोगो (एंब्लम) लगाया हुआ था। नीरज ने आनंद महिंद्रा से इस फोटो पर अपनी प्रतिक्रिया मांगी। जिस पर आनंद महिंद्रा ने शानदार रिएक्शन दिया।

ट्विटर यूजर नीरज प्रताप सिंह के ट्वीट का जवाब देते हुए आनंद महिंद्रा ने कहा, ”नीरज शायद तुम्हें यह मजाकिया लगा होगा और हां यह है भी, खासतौर पर तब, जब लोगो नीचे की तरफ लगाया गया है। लेकिन मैं इससे बेहद रोमांचित हूं, और हम उसे चलाने के लिए एक नया अपग्रेडेड वाहन देंगे, ताकि वह जिंदगी में ‘Rise’ कर सके।”

हालांकि, महिंद्रा ने अपने ट्वीट में यह खुलासा नहीं किया वह उस रिक्शे वाले को कौन सी गाड़ी देंगे। लेकिन अपने ट्वीट में उन्होंने इसका हिंट भी दिया है। उन्होंने ट्वीट में ‘Rises’ शब्द का उल्लेख किया है, क्योंकि महिंद्रा राइज के नाम से उनकी एक कंपनी भी है, जो पहले Peugeot Motorcycles के नाम से जानी जाती थी। यह कंपनी इलेक्ट्रिक वाहन बनाने के लिए जानी जाती है। उम्मीद जताई जा रही है कि महिंद्रा उस रिक्शेवाले को कोई इलेक्ट्रिक वाहन गिफ्ट करेंगे।

हालांकि, यह पहली बार नहीं है कि जब आनंद महिंद्रा ने किसी शख्स को गाड़ी गिफ्ट की हो। बता दें कि, आनंद महिंद्रा पहले भी कई तरह के वीडियो और फोटोज को शेयर कर चुके हैं और अपनी प्रतिक्रिया देते रहते हैं। ट्विटर पर उनके 71 लाख 39 हजार 57 फॉलोअर हैं।